ग्राम रघौली में साइबर क्राइम जागरूकता चौपाल,
■ अधिकारियों ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय
जालौन। साइबर अपराधों से बचाव एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत ग्राम रघौली में रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, सीनियर सब इंस्पेक्टर आयुष गुप्ता, वन रेंजर ओमप्रकाश वर्मा, सब इंस्पेक्टर एकांश सिंह, आलोक मिश्रा, शरद सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए।
अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई अज्ञात व्यक्ति फोन कर स्वयं को पुलिस अधिकारी, बैंक अधिकारी या किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर भयभीत करता है अथवा पैसे की मांग करता है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता लें और किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी साझा न करें।
गोष्ठी में लोगों को बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध संदेशों को न खोलें तथा ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
इस दौरान ग्रामीणों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने सभी ग्रामीणों से अपील की कि साइबर ठगी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।





