विश्व योग दिवस पर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में आयोजित हुए योग कार्यक्रम
■ लोगों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का संकल्प
जालौन। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को नगर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में योग अभ्यास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
नगर के सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है।
इसी क्रम में विकासखंड जालौन के बाराही देवी मैदान में भी योग शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए तथा नियमित योग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।
वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय लोना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यालय परिवार ने कहा कि वर्तमान समय में योग तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के “योग को जन-जन तक पहुंचाने” के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। योग अभ्यास के बाद प्रतिभागियों को नियमित रूप से योग करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया।
रिपोर्ट – फोकस न्यूज़ 24×7 से महेश चौधरी, जालौन






