जालौन में मोहर्रम पर ऊंचे ताजियों से प्रशासन की बढ़ी चिंता, पांच ताजिए रास्ते में ही रुके।
नमस्कार, आप देख रहे हैं Focus News 24×7, मैं हूं विनय कुमार ।
जालौन नगर में मोहर्रम के अवसर पर इस बार ताजियों की अधिक ऊंचाई प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। नगर के लगभग पांच ताजिए निर्धारित मानक से अधिक ऊंचे होने के कारण नहीं उठाए जा सके।
बताया जा रहा है कि रमजानी कबाड़ी का ताजिया, भाड़ का ताजिया, तकिया मैदान में रखा ताजिया समेत अन्य बड़े ताजिए अपनी अधिक ऊंचाई के कारण नगर के रास्तों से नहीं निकल पाए।
मौके पर पहुंचे एसडीएम रिंकू सिंह राही ने ताजियेदारों से ताजिए का बीच का हिस्सा हटाकर ऊंचाई कम करने की सलाह दी, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से निकाला जा सके।
गौरतलब है कि पीस कमेटी की बैठक में ताजियों की अधिकतम 12 फीट ऊंचाई तय की गई थी। वहीं ताजियेदारों का कहना है कि ताजिए का निर्माण लगभग छह महीने पहले शुरू हो जाता है, इसलिए अंतिम समय में उसकी ऊंचाई कम करना संभव नहीं है।
अब प्रशासन के सामने बड़ा सवाल यह है कि क्या सड़क की खुदाई होगी, बिजली के तार ऊंचे किए जाएंगे या फिर ताजियों की ऊंचाई कम कर उन्हें निकाला जाएगा?
फिलहाल स्थिति असमंजस की बनी हुई है और सभी की नजर प्रशासन के अंतिम फैसले पर टिकी है।
रिपोर्ट महेश चौधरी, Focus News 24×7, जालौन।






