बदल गया जालौन का प्रशासन, अब नई उम्मीदों के साथ नई शुरुआत।
जालौन। जालौन के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रिंकू सिंह राही का स्थानांतरण उरई कर दिया गया है। उनके स्थान पर राकेश कुमार सोनी को जालौन का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।
रिंकू सिंह राही के कार्यकाल को लेकर नगर में लंबे समय से चर्चा रही। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, चालान और प्रशासनिक सख्ती के कारण कई व्यापारी और स्थानीय नागरिक असंतोष जताते रहे। वहीं, कुछ लोगों का मानना था कि इन कार्रवाइयों से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कम हुआ तथा आवागमन में सुविधा मिली।
दूसरी ओर, कुछ नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक कार्यवाही के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और अनावश्यक सख्ती बरती गई। तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर भी समय-समय पर शिकायतें सामने आती रहीं।
हाल के दिनों में ब्लॉक प्रमुख रामराज निरंजन के साथ हुए विवाद ने भी व्यापक चर्चा बटोरी। इस घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं तेज हुईं। इसके बाद शासन ने रिंकू सिंह राही का स्थानांतरण उरई कर दिया।
अब जालौन में नए एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने कार्यभार संभाल लिया है। आमजन और व्यापारी उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर होगी और विकास कार्यों के साथ जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।




