अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 78वां स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया
मुख्य बिंदु (News Points):
● एबीवीपी का 78वां स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस मनाया गया।
● सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, उरई में हुआ मुख्य आयोजन।
● मुख्य अतिथि रहे ओमप्रकाश उदैनियां।
● मुख्य वक्ता सोनू श्रीवास्तव ने संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला।
● मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ।
● अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
● एस.आर. इंटर कॉलेज में भी स्थापना दिवस का आयोजन किया गया।
उरई (जालौन)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का 78वां स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झांसी रोड, उरई में उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के पूर्व जिला संयोजक एवं आल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश उदैनियां मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यवस्था प्रमुख कामता प्रसाद त्रिपाठी ने की, जबकि वंदना प्रमुख आचार्य रामबाबू स्वामी एवं जिला संयोजक अमन पंडा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उरई विभाग के संगठन मंत्री सोनू श्रीवास्तव ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल विद्यार्थियों का संगठन नहीं है, बल्कि यह पूरे शिक्षा जगत का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें शिक्षक, शिक्षाविद और विद्यार्थी मिलकर राष्ट्रभावना से ओतप्रोत, आदर्श युवा शक्ति के निर्माण का कार्य करते हैं।
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश उदैनियां ने अपने संबोधन में परिषद की 78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं छात्रहित में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ।
समापन अवसर पर विभाग संगठन मंत्री सोनू श्रीवास्तव, मुख्य अतिथि ओमप्रकाश उदैनियां तथा जिला संयोजक अमन पंडा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व एस.आर. इंटर कॉलेज में भी परिषद का स्थापना दिवस मनाया गया, जहां प्रधानाचार्य रमाकांत द्विवेदी एवं श्रीमती मंजू गुप्ता ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन संतोष गोस्वामी ने किया।






