राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त विद्यालय में चला साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचने के दिए टिप्स
चिरगांव (झांसी)। चिरगांव कस्बे स्थित राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त विद्यालय में साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हाउस अरेस्ट फ्रॉड, मोबाइल फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे तथा अन्य साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
अधिकारियों ने छात्रों को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ फोन पर बैंक खाते की जानकारी, एटीएम विवरण, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि यदि उनके साथ या उनके किसी परिचित के साथ साइबर ठगी या साइबर अपराध की घटना होती है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा अपने नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें, ताकि पुलिस और साइबर सेल समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर सके।
इस अवसर पर चिरगांव साइबर हेल्प डेस्क के शेरपाल सिंह, प्रभारी अंकित त्यागी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने और जागरूक नागरिक बनने की अपील की। — संवाददाता: अनुराग तिवारी





