जालौन: बारिश में मजदूर का कच्चा मकान ढहा, पन्नी के नीचे रहने को मजबूर परिवार
जालौन। बारिश के बीच ग्राम उदोतपुरा में एक मजदूर का कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। हादसे के बाद मजदूर का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया और अब पन्नी के सहारे रहने को मजबूर है।
ग्राम उदोतपुरा निवासी बलकरन सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया गया कि बारिश के दौरान उनका कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन मकान गिरने से परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनका नाम कई बार आवासीय कॉलोनी की सूची में आया, लेकिन अभी तक उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। ऐसे में मकान गिरने के बाद परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
परिवार ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि सूची में नाम आने के बावजूद इस गरीब परिवार को पक्की छत कब मिलेगी? प्रशासन की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखने वाली बात होगी।





