Spread the love

सेवा संकल्प अभियान में गूंजा नशामुक्त भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

■ ज्ञानस्थली महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

झाँसी। ज्ञानस्थली महाविद्यालय, बघावली में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत, नशामुक्त भारत एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, बेटियों की शिक्षा एवं सम्मान को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की संयोजक समाजसेविका श्वेता पाराशर रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मुकुल द्विवेदी, श्रीमती शिवांगी मुद्गिल एवं श्रीमती पूनम नामदेव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान ज्ञानस्थली महाविद्यालय एवं ज्ञानस्थली इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्ति तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर नुक्कड़ नाटक एवं विभिन्न जागरूकता प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, महिला सम्मान, बेटियों की शिक्षा और समान अवसर के महत्व को प्रभावी ढंग से सामने रखा।

इस दौरान अतिथियों ने विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए युवाओं का शिक्षित, जागरूक और नशामुक्त होना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

अतिथियों ने कहा कि बेटी को शिक्षा और सम्मान देना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जब बेटियों को समान अवसर मिलेंगे, तभी समाज और राष्ट्र वास्तविक अर्थों में आगे बढ़ेगा। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत युवा ही मजबूत समाज और विकसित भारत की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय एवं इंटर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. वीरेंद्र सरसैया ने किया। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, आयोजकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: अनुराग तिवारी, पत्रकार

Share.