समथर थाने में धूमधाम से मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती, पुलिसकर्मियों ने लिया सत्य-अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
समथर, झांसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर थाना समथर परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण कर की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के उपरांत थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों को देश की एकता एवं अखंडता, सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को आत्मसात करने की शपथ दिलाई। साथ ही आमजन के प्रति संवेदनशील रहते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया गया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए सत्य, अहिंसा और कर्तव्य के मार्ग पर चलकर ही समाज में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द कायम रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में थाना समथर के समस्त उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, आरक्षी एवं महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
मोठ से संवाददाता जहूर अहमद खान की रिपोर्ट।




