300 रुपये के विवाद ने छीनी तीन जिंदगियां, पेचकस बना हत्या का हथियार
■ देहरादून के तपोवन में रोंगटे खड़े कर देने वाला तिहरा हत्याकांड, आरोपी प्लंबर गिरफ्तार
देहरादून। तपोवन क्षेत्र में महज 300 रुपये के विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक बुजुर्ग दंपति और घर में काम करने वाली महिला की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, प्लंबिंग का काम करने वाले राजकुमार ने पेचकस से हमला कर तीनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि राजकुमार करीब दो वर्षों से कपूर परिवार के घर प्लंबिंग का काम करता था। बुधवार को वह काम करने पहुंचा था। काम पूरा करने के बाद उसने 600 रुपये दिहाड़ी मांगी, जबकि परिवार की ओर से 300 रुपये देने की बात कही गई। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी नाराज होकर वहां से चला गया।
कुछ देर बाद राजकुमार दोबारा कपूर परिवार के घर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, यहां उसकी फिर से कहासुनी हुई और देखते ही देखते उसने पेचकस से रमेश कपूर पर हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे पर कई गंभीर वार किए गए। उनकी एक आंख भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।
पति को बचाने के लिए रजनी कपूर आगे आईं तो आरोपी ने उन पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसी दौरान चीख-पुकार सुनकर पास से गुजर रहीं महिला सहायिका तिलया देवी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया और करीब आधा किलोमीटर दूर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
दो साल का भरोसा कुछ मिनटों में खूनी वारदात में बदला
पुलिस जांच में सामने आया है कि राजकुमार पिछले करीब पांच वर्षों से देहरादून में रह रहा था और लगभग दो साल से कपूर परिवार के संपर्क में था। अब पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड, नशे की आदत और पुलिस सत्यापन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। मूल रूप से बिजनौर क्षेत्र का रहने वाला आरोपी इंद्रेश नगर में किराये पर पत्नी के साथ रहता था।
बेटों के देहरादून पहुंचने का इंतजार
रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर आयुध निर्माणी से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक पुणे और दूसरा दिल्ली में नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हमले की प्रकृति और चोटों की वास्तविक स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
तिहरे हत्याकांड ने तपोवन इलाके को झकझोर कर रख दिया है। महज कुछ सौ रुपये के विवाद में वर्षों पुराने भरोसे का इस तरह खूनी अंत होने की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।




