चोरी की योजना बनाते दो अभियुक्त गिरफ्तार, तमंचा व अवैध सामग्री बरामद
उरई/जालौन। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैलिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की योजना बनाते दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तमंचा समेत अन्य अवैध सामग्री बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कैलिया अवनीश कुमार पटेल ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। टीम में उपनिरीक्षक रुपेन्द्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक अजय पाल सिंह, मुख्य आरक्षी अजीत सिंह तथा आरक्षी सचिन परमार और जावेद अख्तर शामिल रहे।
पुलिस टीम ने पीपरी कलां के आगे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान करन परिहार पुत्र चतुर्भुज निवासी कुरैचा, थाना मऊरानीपुर, जनपद झांसी तथा अजय राजपूत पुत्र सोबरन सिंह निवासी किंचवारा खुर्द, थाना बबीना, जनपद झांसी के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों के कब्जे से तमंचा एवं अन्य अवैध सामग्री बरामद की गई। मामले में कैलिया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 100/2026, धारा 313 बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट — ओमप्रकाश उदैनिया, पत्रकार
फोकस न्यूज 24×7






