भूटान में ग्लेशियर झील फटने से मचा हड़कंप, भारत के कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट; 10 हजार से अधिक लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
■ मो छू नदी में बढ़ा पानी का बहाव, पश्चिम बंगाल और असम के सीमावर्ती जिलों में प्रशासन अलर्ट; भूटान में सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त
नई दिल्ली।
पड़ोसी देश भूटान में ग्लेशियर झील फटने की घटना के बाद भारत के सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। भूटान के गासा जिले में 29 अक्टूबर की शाम सिंटाफू ग्लेशियर झील के फटने से मो छू नदी में अचानक पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। इस घटना के बाद नदी का पानी संकोश नदी की ओर बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है।
इस संभावित खतरे को देखते हुए भारत के पश्चिम बंगाल और असम के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की सूचना दी है।






