शादी का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले संगठित गैंग का पर्दाफाश, तीन शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
■ मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए युवतियों को बनाते थे निशाना, 6 मोबाइल, 13 सिम कार्ड, 7 एटीएम कार्ड और कार बरामद
उरई, जालौन।
जनपद जालौन में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मैट्रिमोनियल (वैवाहिक) वेबसाइटों के माध्यम से शादी का झांसा देकर युवतियों को अपने जाल में फंसाने और उनसे ऑनलाइन ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, 7 एटीएम कार्ड, डॉक्टरों के 2 प्रिस्क्रिप्शन पर्चे तथा एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस बरामद सामान के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस महानिदेशक साइबर उत्तर प्रदेश विनोद कुमार के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि एवं पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चंद्र रावत के कुशल मार्गदर्शन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम परमेश्वर प्रसाद के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने निरीक्षक शिवप्रसाद दुबे, उपनिरीक्षक आयुष गुप्ता, एकांश सिंह, शिवेंद्र सिंह परमार तथा आरक्षी शरद यादव, आलोक मिश्रा, तेजवीर सिंह एवं रवि रंजन सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान उमाकांत पटेल पुत्र बलराम पटेल निवासी कोंछाभावर, नवाबाद झांसी, रविकांत यादव पुत्र भारत सिंह यादव निवासी उसरगांव, उरई तथा कौशल किशोर उर्फ विक्की चौरसिया पुत्र सीताराम चौरसिया निवासी उमरारखेड़ा, उरई के रूप में हुई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई कार्रवाई की जानकारी
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों को पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। शादी का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मोबाइल, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड एवं अन्य सामान की जांच की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय सावधानी बरतें और किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर ऑनलाइन पैसे का लेनदेन न करें।
जन वार्ता पर Focus News 24×7






