प्रतापपुर देवरिया
धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से इंटर की छात्रा की मौत
■ खेत में काम करते समय हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
देवरिया। जनपद के भाटपार रानी तहसील क्षेत्र के बरईपार पांडेय गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से 18 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मुख्तार प्रसाद की पुत्री कृति भारती (18) खेत में धान की रोपाई कर रही थी। इसी दौरान करीब तीन बजे अचानक आकाशीय बिजली उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार रानी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर तहसीलदार अभिजीत सिंह और लेखपाल संतोष तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई।
वहीं, खामपार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका इंटर की छात्रा थी। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
फोकस न्यूज़ 24×7
खबर पसंद आए तो चैनल को Like, Share और Subscribe जरूर करें।





