वन चौराहा पर शव रखकर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के भवानी छापर से प्रतापपुर जाने वाली टू लेन सड़क पर स्थित वन चौराहा पर मृतक के परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शव रखकर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आज शाम 8 बजे से रात 9:30 बजे तक चला।
सूचना मिलते ही श्रीरामपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खामपार थाना और बनकटा थाना के थानाध्यक्ष भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
मृतक के परिजनों की मांग पर क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमान श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों की पांच सूत्रीय मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।
यह प्रदर्शन 23 मई को श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के परसौनी रघुनाथ निवासी 42 वर्षीय जयप्रकाश यादव पुत्र शंभू यादव का शव लक्ष्मण चक टोला भटवलिया के चौरा में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी हुई अवस्था में मिलने के बाद किया गया था। श्रीरामपुर पुलिस ने उस समय शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था और मामले में उचित कार्रवाई कर रही है।




