प्रतापपुर में NEET पेपर लीक मामले पर प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
देवरिया के प्रतापपुर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्र-युवा संगठनों के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने तथा पेपर लीक से प्रभावित युवाओं और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।
अखिल भारतीय किसान सभा की बंगरूआ इकाई के नेतृत्व में आयोजित इस धरना प्रदर्शन में जंतर-मंतर से संसद मार्च का समर्थन किया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
धरने को संबोधित करते हुए किसान नेता कामरेड जयप्रकाश यादव ने केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि छात्र, युवा, किसान और मजदूर अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने 10 अगस्त को प्रस्तावित देशव्यापी “जेल भरो” अभियान में बड़ी संख्या में भागीदारी का भी आह्वान किया।
इस दौरान केशव सिंह, कबिलास, रघुनाथ सिंह, बैरिस्टर प्रसाद, निशार, राजेश, जयराम, दुर्गेश ठाकुर, शाहिल, किताबुद्दीन, संजय सिंह, रिजवान, अनिल खरवार, अजरुद्दीन, रामाकांत सहित कई लोग मौजूद रहे।
फिलहाल प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही है।






