पंचायत सहायिका से की छेड़खानी, विरोध पर नौकरी से निकलवाय

 

उरई। पंचायत सहायिका के पद पर तैनात महिला के साथ ग्राम प्रधान पति ने छेड़खानी की है। महिला ने प्रधान पति की इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपी ने सहायिका की झूठी शिकायत करते हुए, उसे नौकरी से निकलवा दिया। शनिवार को पीड़िता प्रधान पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी के पास पहुंची। साथ ही उसने डीपीआरओ समेत उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए न्याय की गुहार लगाई।

 

मामला आटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव का है, जहां के पंचायत भवन में पंचायत सहायिका के पद पर तैनात एक महिला के साथ ग्राम प्रधान के पति ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। ऐसा आरोप लगाते हुए पीड़िता ने एसपी असीम चौधरी को शिकायत पत्र दिया है

पीड़िता ने बताया कि ग्राम प्रधान पति की उसके ऊपर गलत नजर रखे हुए था। कई बार उसने महिला से छेड़खानी की। इसके बाद से वह अपने पति के साथ आने लगी। एक दिन वह पंचायत कार्यालय में अकेली थी, तभी प्रधान पति ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। इसका विरोध करते हुए उसने शोर मचाया, तो मौके पर लोग आ गए। इन लोगों को धमकी देकर प्रधान पति ने भगा दिया। वहीं पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया।

पीड़ित महिला ने बताया कि उसने आटा थाना पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रधान पति ने झूठी शिकायत कर उसे नौकरी से निकलवा दिया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे न्याय दिलवाया जाए। पीड़िता ने कहा कि वो वरीय अधिकारी के पास न्याय गुहार लगाने आई हूं।

Share.