Spread the love

डीएम व एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के दिए निर्देश

देवरिया,  जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के दृष्टिगत जनपद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), देवरिया तथा महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, देवरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा का संचालन पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप अभ्यर्थियों की जांच सुनिश्चित की जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होती मिली।

Share.