गाजियाबाद में पारस्परिक भोजपुरी-मैथिल फगुआ संगीत समागम का हुआ भव्य आयोजन
रिपोर्ट – ओमप्रकाश उदैनियां
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, पत्रकार एकता संघ
गाजियाबाद। चैत्र माह और होली के उल्लास के बीच गाजियाबाद में पारस्परिक भोजपुरी-मैथिल फगुआ संगीत समागम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुरबिया जन कल्याण परिषद द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों और सांस्कृतिक प्रेमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त गाजियाबाद केशव चौधरी (आईपीएस) रहे। आयोजन की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन-अर्चन तथा भगवान विष्णु के परम भक्त प्रह्लाद की भक्ति की महिमा के गायन के साथ की गई। इसके बाद कलाकारों ने पारंपरिक भोजपुरी और मैथिल फगुआ गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरा माहौल होली के रंगों में सराबोर हो गया।
मुख्य अतिथि केशव चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि होली रंगों और आपसी भाईचारे का त्योहार है, जो समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी लोग इस पर्व को आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे के साथ मनाएँ।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि सहित सभी मंचासीन अतिथियों को अविर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में संस्था के राष्ट्रीय महासचिव पंडित राकेश शंकर तिवारी ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
यह सांस्कृतिक समागम भोजपुरी और मैथिल परंपराओं के संरक्षण तथा समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।






