Spread the love

IAS से राजनीति तक: दिव्या मित्तल

*लखनऊ।* उत्तर प्रदेश की तेज़-तर्रार IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने आखिरकार ब्यूरोक्रेसी को अलविदा कहकर राजनीति में उतरने का ऐलान कर दिया है। वीडियो जारी कर उन्होंने कहा है कि वो किसी पार्टी में नहीं जाएंगी, बल्कि यूपी से स्वतंत्र रूप से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करेंगी।

*1. जन्म और शुरुआती जीवन:*
दिव्या मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं। साधारण परिवेश में पली-बढ़ी दिव्या का सपना बचपन से ही कुछ बड़ा करने का था। उन्होंने खुद लिखा है – “साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था।”

*2. पढ़ाई – IIT से IIM तक:*
उन्होंने दिन-रात मेहनत कर देश के दो सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में जगह बनाई – *IIT दिल्ली* से इंजीनियरिंग और *IIM बैंगलोर* से मैनेजमेंट।

*3. लंदन में JP Morgan की नौकरी छोड़ी:*
पढ़ाई के बाद उन्हें लंदन में दुनिया की बड़ी फाइनेंस कंपनी *JP Morgan में नौकरी* मिल गई। अच्छा पैकेज, विदेश की चमक-दमक, सब कुछ था। लेकिन दिव्या ने खुद लिखा – “‘सब कुछ’ पा लेने पर भी कुछ अधूरा लगा।” उसी अधूरेपन ने उन्हें भारत लौटने पर मजबूर किया।

*4. 2013 में IAS बनीं, UP कैडर मिला:*
भारत लौटकर उन्होंने UPSC की तैयारी की और *2013 बैच की IAS* बनीं, उन्हें *उत्तर प्रदेश कैडर* मिला।

*5. जिलों में पहचान:*
13 साल के करियर में उन्होंने गोंडा, संत कबीर नगर, मेरठ, बरेली, मिर्जापुर, देवरिया और लखनऊ में काम किया।
– *संत कबीर नगर, मिर्जापुर और देवरिया में DM रहीं।*
– मिर्जापुर में उन्होंने सबसे बड़ा काम किया – *लहुरिया दह गांव* में, जहां आज़ादी के बाद से नल का पानी नहीं पहुंचा था, वहां जल जीवन मिशन के तहत पानी पहुंचाया। इस काम के लिए उनकी खूब वाहवाही हुई।

*6. विवाद और तबादले:*
मिर्जापुर में ही जल पूजन कार्यक्रम में मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल को कथित तौर पर न बुलाने का विवाद हुआ। ठीक 2 दिन बाद उनका तबादला कर दिया गया।
आखिरी पोस्टिंग देवरिया में DM के तौर पर थी। *मई 2026 में उन्हें देवरिया DM से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव* बना दिया गया – जिसे अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण पद माना जाता है। तभी से उनके इस्तीफे की चर्चाएं तेज थीं।

*7. इस्तीफा – 30 अगस्त से 15 सितंबर तक का सफर:*
– *30 अगस्त 2026 को* उन्होंने X/Facebook पर लिखा – “आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए IAS से त्यागपत्र दे दिया है।” कारण बताया – *निजी कारण, पारिवारिक प्राथमिकताएं और नए जीवन लक्ष्य।*
– इस पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राज्यपाल को चिट्ठी लिखकर कहा कि 2017 के बाद से 13 IAS इस्तीफा दे चुके हैं, ईमानदार अधिकारियों का मनोबल टूट रहा है।
– *15 सितंबर 2026 को* केंद्र सरकार के कार्मिक विभाग (DoPT) ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। इसके बाद उन्होंने लिखा – “My resignation has been accepted” और जयशंकर प्रसाद की पंक्ति जोड़ी – *”प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो, बढ़े चलो”*

*8. अब राजनीति में क्यों?*
सूत्रों के मुताबिक दिव्या मित्तल मिर्जापुर से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। लेकिन उन्होंने साफ किया है कि वो किसी दल का झंडा नहीं थामेंगी। स्वतंत्र रूप से यूपी की राजनीति में आएंगी।

एक लंदन की कॉर्पोरेट नौकरी से लेकर DM की कुर्सी और अब नेता बनने तक – दिव्या मित्तल की कहानी यूपी की ब्यूरोक्रेसी में सिस्टम से टकराव और एक नए विकल्प की तलाश की सबसे बड़ी मिसाल बन गई है।

Share.