झांसी: मोठ तहसील के ग्राम एरा इमलिया स्टेट में ग्रामीण जान जोखिम में डालकर लकड़ी के पुल से आने-जाने को मजबूर
झांसी। मोठ तहसील अंतर्गत ग्राम एरा इमलिया स्टेट में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। गांव के लोग आज भी एक अस्थायी लकड़ी के पुल के सहारे आवागमन करने को मजबूर हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
ग्राम एरा निवासी यूसुफ खान ने बताया कि गांव में यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो उसे कब्रिस्तान में दफनाने के लिए भी इसी लकड़ी के पुल से होकर जाना पड़ता है। यह पुल लगभग 10 फीट गहरे नाले पर बना हुआ है, जहां पैर फिसलने पर सीधे गिरने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में जाने, बच्चों के स्कूल आने-जाने और रोजमर्रा के कामों के लिए भी इसी खतरनाक रास्ते का सहारा लेना पड़ता है। कई बार ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और उच्च अधिकारियों से पुलिया निर्माण की शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। हर बार यही कहा जाता है कि “बजट मिलने पर पुलिया बनवा दी जाएगी।”
ग्रामीणों में इस समस्या को लेकर गहरा रोष है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र स्थायी पुलिया निर्माण की मांग की है।
मोठ से संवाददाता – जहूर अहमद खान की रिपोर्ट






