जालौन में साप्ताहिक बंदी पर श्रम विभाग की कार्रवाई, आवश्यक सेवाओं की दुकानें भी कराईं बंद
जालौन में सोमवार को साप्ताहिक बंदी को लेकर श्रम विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बाजार में अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान कई दुकानों के चालान किए गए और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानों को भी बंद कराया गया, जिससे व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार कुछ व्यापारियों द्वारा साप्ताहिक बंदी को लेकर एसडीएम रिंकू सिंह को प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद श्रम विभाग के इंस्पेक्टर जगदीश वर्मा एवं तहसीलदार जालौन ने संयुक्त रूप से बाजार में निरीक्षण अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कई दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। वहीं चाय, मिठाई, समोसा और मेडिकल स्टोर जैसी आवश्यक वस्तुओं से संबंधित दुकानों को भी बंद कराया गया। व्यापारियों का कहना है कि कोरोना काल में भी इन सेवाओं को छूट दी गई थी, ऐसे में इन्हें बंद कराना उचित नहीं है।
दूसरी ओर श्रम विभाग के अधिकारी जगदीश वर्मा ने बातचीत में बताया कि यह अभियान मुख्य रूप से श्रम विभाग के रजिस्ट्रेशन को लेकर चलाया गया था। उनका कहना है कि जो व्यापारी सात दिन का लाइसेंस ले लेगा, उसे दुकान बंद करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
अब इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि यदि लाइसेंस लेने के बाद दुकान पूरे सप्ताह खोली जा सकती है, तो फिर साप्ताहिक बंदी के नियमों का उद्देश्य क्या रह जाता है। यह मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रिपोर्ट : फोकस न्यूज़ 24×7, महेश चौधरी, जालौन






