जन समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण मेरी प्राथमिकता – विधायक मूलचंद निरंजन
■ गोहन से सरावन तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा गया
रिपोर्ट – ओमप्रकाश उदैनियां
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, आल इंडिया पत्रकार एकता संघ
उरई/जालौन। मूलचंद निरंजन ने विधानसभा क्षेत्र माधौगढ़ के विभिन्न गांवों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की जनसुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को फोन पर तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
माधौगढ़ एवं कोंच तहसील से आए लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक उनसे मिल सकता है और अपनी समस्या बता सकता है, जिसका हरसंभव निराकरण कराया जाएगा।
सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में विधायक ने बताया कि क्षेत्र की अधिकांश सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है और जहां अभी आवश्यकता है, वहां भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गोहन से सरावन मार्ग के संबंध में विधायक ने कहा कि भगवान भूतेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए इस मार्ग के चौड़ीकरण हेतु प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों ने विधायक की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि विधायक वास्तव में जनसेवक की भूमिका निभा रहे हैं और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समाधान करा रहे हैं।




