मकर संक्रांति महोत्सव 2026 सम्पन्न

प्रतापपुर, देवरिया ,

नवादा चौराहा पर मकर संक्रांति महोत्सव, कवि सम्मेलन में गूंजे देशभक्ति, भक्ति और हास्य के स्वर

बनकटा (देवरिया)। विकास खंड बनकटा क्षेत्र के नवादा चौराहा पर कला, संस्कृति एवं शिक्षित युवा समिति के तत्वावधान में मकर संक्रांति महोत्सव 2026 का आयोजन भव्य कवि सम्मेलन के रूप में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माता सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इसके पश्चात आयोजक मंडल ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कवि सम्मेलन में विभिन्न विधाओं की कविताओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवियों ने प्रेम, सामाजिक सरोकार, भक्ति और हास्य से भरपूर रचनाओं का पाठ कर खूब वाहवाही लूटी।
कवि सम्मेलन में प्रस्तुत “आंखों की मय जाम, लबों का जुल्फों का साया” तथा “रंगीला हिंदुस्तानी” जैसी ग़ज़लों को श्रोताओं ने विशेष रूप से सराहा।
डॉ. वेदप्रकाश तिवारी ने नशे पर आधारित कविता पढ़ते हुए कहा कि सच्चा नशा सेवा, सहयोग और प्रेम का होता है।
युवा कवि अब्दुल कलाम ने अपनी कविता के माध्यम से संदेश दिया— “सब्र रखिए अपने कदमों पर, आपके लिए भी प्रभु राम आएंगे।”
वहीं भोजपुरी के लोकप्रिय कवि हृदय विशाल ने अपनी हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
इसके अलावा जनाब मुस्ताक, श्यामसुंदर शर्मा, छोटेलाल कुशवाहा, कवित्री अंजली कुमारी ने भी प्रभावशाली काव्य पाठ कर कार्यक्रम को ऊंचाई प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य विजय प्रताप कुशवाहा ने उपस्थित लोगों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संत भृगुराशन सिंह ने की, जबकि संचालन प्रमोद चौधरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर दिगम्बर स्नेही, डॉ. संजय कुमार, मोहन कुमार, विनोद कुमार, योगेंद्र कुमार, अखिलेश कुमार, जयनारायण प्रसाद, संगीता देवी, सुनैना देवी, बेबी देवी, शारदा देवी, सोनामती देवी सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share.