मकर संक्रांति पर यूपी सरकार का बड़ा फैसला, 14 की जगह 15 जनवरी को रहेगा सार्वजनिक अवकाश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति पर्व को लेकर पहले घोषित अवकाश में बदलाव किया है। शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद अब 14 जनवरी के बजाय 15 जनवरी, गुरुवार को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट 1881 के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में प्रमुख सचिव एसपीएस रंगा राव द्वारा संशोधित आदेश जारी कर दिया गया है।
प्रमुख सचिव ने स्पष्ट किया कि 17 नवंबर 2025 को जारी की गई वार्षिक अवकाश तालिका में इस निर्णय को संशोधन के रूप में माना जाएगा। इसकी सूचना प्रदेश के सभी विभागाध्यक्षों, इलाहाबाद हाईकोर्ट, महालेखाकार कार्यालय, वित्त मंत्रालय, भारतीय रिजर्व बैंक, एलआईसी, सचिवालय सहित संबंधित सभी संस्थानों को भेज दी गई है।
धार्मिक कारणों से बदली तिथि
धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। भागवताचार्य पंडित दुर्गा शंकर द्विवेदी के अनुसार, 14 जनवरी को माघ कृष्ण पक्ष की एकादशी पड़ रही है, जिस दिन चावल का सेवन वर्जित माना जाता है। इसी कारण इस दिन खिचड़ी दान भी नहीं किया जाएगा। ऐसे में परंपरा के अनुसार मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाई जाएगी।
स्कूल, कॉलेज, बैंक रहेंगे बंद
योगी सरकार के इस फैसले के बाद 15 जनवरी को प्रदेशभर में सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। इसके साथ ही बैंक, एलआईसी और अन्य वित्तीय संस्थानों में भी अवकाश रहेगा। इलाहाबाद हाईकोर्ट को भी इस संबंध में आधिकारिक सूचना भेज दी गई है।
सरकार के इस निर्णय से धार्मिक परंपराओं और प्रशासनिक व्यवस्था—दोनों के बीच संतुलन स्थापित हुआ है।



