ग्राम पंचायत साकिन के जूनियर हाईस्कूल में मेगा पीटीएम बैठक आयोजित, विद्यार्थियों की प्रगति पर हुई चर्चा
● अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का लिया संकल्प
मोंठ (झांसी)। तहसील मोंठ क्षेत्र की ग्राम पंचायत साकिन स्थित जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में मेगा पीटीएम (अभिभावक-शिक्षक बैठक) का आयोजन किया गया। बैठक में प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्राम प्रधान, ग्राम सभा सदस्यों और अभिभावकों ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति, नियमित उपस्थिति और सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से उन्हें विद्यालय भेजेंगे। साथ ही बच्चों के दैनिक गृहकार्य एवं अभ्यास पर विशेष ध्यान देने, विद्यालय को निपुण बनाने तथा विद्यार्थियों को निपुण लक्ष्य हासिल कराने में पूरा सहयोग करने की शपथ ली गई।
इस अवसर पर बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और बेहतर शैक्षिक वातावरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बालक-बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करें और किसी भी प्रकार का भेदभाव न करें। विद्यालय एवं घर में बच्चों को भयमुक्त, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अभिभावकों के साथ विद्यार्थियों की प्रोग्रेस रिपोर्ट साझा की गई। इसके अतिरिक्त डीबीटी के माध्यम से प्राप्त धनराशि के उचित उपयोग, निपुण लक्ष्य और निपुण तालिका के संबंध में चर्चा की गई। विद्यार्थियों को उनकी शैक्षिक प्रगति से अवगत कराने के लिए रिपोर्ट कार्ड वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक रब्बानी उल्ला खान ने उपस्थित अभिभावकों, ग्राम प्रधान, ग्राम सभा सदस्यों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। अभिभावकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। इसके साथ ही बैठक का समापन हुआ।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रब्बानी उल्ला खान, शिक्षक-शिक्षिकाएं विपिन कुमार सिंह, हरसेंदु गोस्वामी, स्नेहलता, ज्योति कुमारी, प्रदीप चचोदिया, रंजना कुमारी, दीपा राजे, राहिला निशांत, नीलम वर्मा, नासिर खान, अनिल कुमार, अभिनंदन सहित ग्राम प्रधान, ग्राम सभा सदस्य, अभिभावक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
मोंठ से जहूर अहमद खान की रिपोर्ट | Focus News 24×7




