नितिन नबीन बने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, जेपी नड्डा की लेंगे जगह
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
बीजेपी के संसदीय बोर्ड द्वारा किए गए इस फैसले को बिहार की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में एक नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। केंद्रीय नेतृत्व ने नितिन नबीन के संगठनात्मक अनुभव, जमीनी पकड़ और प्रशासनिक क्षमता को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा कि नितिन नबीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा, “नितिन नबीन जी एक युवा, परिश्रमी और अनुभवी नेता हैं। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य प्रभावी रहा है। वे विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं।”
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन की ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में पार्टी को और अधिक मजबूत बनाएगी।
पांच बार के विधायक, सरकार और संगठन का अनुभव
नितिन नबीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। वह पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री के पद पर कार्यरत हैं। बांकिपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार जीत दर्ज कर चुके नितिन नबीन ने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए संगठन और सरकार—दोनों स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभाई है।
बीजेपी के अनुसार, संगठनात्मक कार्यों में उनकी दक्षता और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।






