अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर काकादेव थाने में महिलाओं का सम्मान, समाजसेविकाओं को भेंट किए उपहार
रिपोर्ट – ओमप्रकाश उदैनियां राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, पत्रकार एकता संघ
कानपुर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कानपुर के काकादेव थाने में महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना परिसर में महिलाओं की भूमिका, उनके साहस और समाज में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान थाना पुलिस ने समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में काकादेव थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में थाना स्टाफ ने समाजसेविका एवं परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर श्रीमती कंचन सिंह और श्रीमती शकुन खट्टर को महिला दिवस के अवसर पर उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त निरीक्षक उदयवीर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवकरन वर्मा और महिला उपनिरीक्षक अंजलि आर्य भी उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों को पहचान देने का दिन है। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की आधी आबादी हैं और उनकी शक्ति, साहस तथा योगदान के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग हमेशा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय दिलाने के लिए तत्पर रहता है।
उन्होंने आगे कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है और आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। ऐसे में समाज का दायित्व है कि महिलाओं को समान अवसर और सम्मान प्रदान किया जाए।
सम्मानित समाजसेविकाओं कंचन सिंह और शकुन खट्टर ने काकादेव थाना पुलिस द्वारा दिए गए सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की और पुलिस विभाग का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान महिलाओं को आगे बढ़ने और समाज सेवा के कार्यों को और अधिक उत्साह के साथ करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के अंत में थाना परिवार के सभी पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने महिला सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।





