ऑपरेशन कब्जामुक्ति: रुद्रपुर में 40 साल पुराना रास्ता विवाद सुलझा, ग्रामीणों ने दी अपनी जमीन
देवरिया जिले के रुद्रपुर तहसील की ग्राम पंचायत बारडीहा में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की पहल पर ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाकर मार्ग के लिए अपनी भूमि स्वेच्छा से दान की। इससे 40 वर्षों से लंबित विवाद सुलझा और एक दर्जन परिवारों को पहली बार रास्ता मिला।
देवरिया। ऑपरेशन कब्जामुक्ति अभियान के तहत जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल आज रुद्रपुर तहसील की ग्राम पंचायत बारडीहा पहुँचीं। यहाँ उनकी पहल पर ग्रामीणों ने वर्षों पुराने अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाया और सड़क मार्ग के लिए अपनी भूमि भी दान में दी।
इस प्रयास से गांव के एक दर्जन से अधिक परिवारों को पहली बार रास्ता मिला और लगभग 40 वर्षों पुराना विवाद शांतिपूर्वक हल हुआ। जिलाधिकारी ने सभी सहयोगी ग्रामीणों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।
इस पहल से न सिर्फ गांव को सामूहिक उपयोग का रास्ता मिला है, बल्कि यह उदाहरण बन गया है कि प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनभागीदारी से कितने बड़े बदलाव संभव हैं।
गौरतलब है कि ऑपरेशन कब्जामुक्ति के तहत अब तक जिले की 501 ग्राम पंचायतों से 885 अवैध अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। यह अभियान अब प्रशासनिक कार्रवाई से आगे बढ़कर जनता के हक और अधिकार की लड़ाई बन चुका है।
फोकस न्यूज 24×7 के लिए देवरिया से अख्तर अली की रिपोर्ट।





