उरई कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता: टप्पेबाज गिरफ्तार, भारी नकदी और हथियार बरामद

जालौन, उरई — जनपद जालौन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत उरई कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार राय के नेतृत्व में एसओजी व सर्विलांस टीम के सहयोग से एक शातिर टप्पेबाज को गिरफ्तार किया गया है, जो उरई सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन उरई में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त ने हाल ही में उरई के सराफा बाजार स्थित एक परचून की दुकान से लगभग तीन लाख रुपये की टप्पेबाजी की थी।
मुखबिर की सटीक सूचना पर क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के पास से कुल ₹1,57,200 नगद, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक की-पैड मोबाइल फोन, तथा एक स्कूटी बरामद की गई है।
एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस टीम के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की और कहा कि जनता की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोतवाली उरई प्रभारी अरुण कुमार राय की सक्रियता और टीम वर्क की बदौलत यह बड़ी सफलता हासिल हुई है।




