Spread the love

मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर पर दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

वाराणसी। यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री के गनर प्रशांत राय को पुलिस ने युवती से दुष्कर्म, गर्भपात कराने, मारपीट और जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सिपाही पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक युवती का शारीरिक शोषण किया।
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर के ड्रमंडगंज चंद्रगढ़ निवासी प्रशांत राय पुत्र त्रिलोक नारायण राय करीब 8 वर्ष पहले पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। वर्तमान में उसकी तैनाती गाजीपुर में थी और बाद में उसे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का गनर बनाया गया था।
बताया जा रहा है कि वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र के बेनीपुर में किराए का कमरा लेकर रहने के दौरान उसकी पहचान अजगरा थाना क्षेत्र की एक युवती से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। युवती का आरोप है कि प्रशांत राय पिछले चार वर्षों से उसके साथ संबंध में था और बीते दो वर्षों से वह पत्नी की तरह उसके साथ रह रही थी।
पीड़िता के अनुसार इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई। पहली बार गर्भवती होने पर आरोपी उसे मिर्जापुर ले गया और सामाजिक बदनामी का डर दिखाकर गर्भपात करा दिया। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद भी हुआ, लेकिन बाद में फिर संबंध सामान्य हो गए और युवती दोबारा गर्भवती हो गई।
आरोप है कि इसी बीच प्रशांत राय ने गुपचुप तरीके से 25 अप्रैल को प्रयागराज में दूसरी युवती से शादी कर ली। शादी समारोह में शामिल होने के बावजूद वह लगातार पीड़िता के संपर्क में बना रहा। सोशल मीडिया के जरिए युवती को जब आरोपी की शादी की तस्वीरें मिलीं तो उसने इसका विरोध किया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे शादी का भरोसा देता रहा, साथ ही कई बार उससे रुपये भी लिए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश भी की गई।
मामले में पीड़िता ने 4 मई को सारनाथ थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share.