झांसी रेलवे यात्रियों के लिए राहत की खबर: प्लेटफॉर्म नंबर-3 का काम अंतिम चरण में, 12 ट्रेनें पटरी पर लौटीं
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर चल रहा गिट्टी रहित ट्रैक (ब्लास्टलेस ट्रैक) निर्माण कार्य अब अपने अंतिम छोर पर पहुंच गया है। इसके चलते प्रभावित ट्रेनों में से 12 ट्रेनों का संचालन फिर से पूर्व की भांति शुरू कर दिया गया है।
कोहरे के कारण पहले से ही ट्रेन संचालन प्रभावित चल रहा था, ऐसे में प्लेटफॉर्म पर निर्माण कार्य ने यात्रियों की परेशानियों को और बढ़ा दिया था। अब धीरे-धीरे हालात सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
25 नवंबर से चल रहा था काम, 53 ट्रेनें हुई थीं प्रभावित
मंडल रेल प्रशासन ने 25 नवंबर से प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर गिट्टी रहित ट्रैक निर्माण शुरू कराया था। इस दौरान झांसी से होकर गुजरने और यहां से संचालित होने वाली 53 गाड़ियां प्रभावित हुईं। इनमें 22 ट्रेनें निरस्त, 19 के मार्ग बदले गए, 4 आंशिक रूप से निरस्त रहीं और 2 ट्रेनों को रेगुलेट किया गया था। इसका सीधा असर झांसी, ललितपुर और बीना रूट के यात्रियों पर पड़ा।
यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए रेलवे ने पहले ही झांसी-ललितपुर और ललितपुर-बीना मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया था।
अब 19 गाड़ियां फिर से सामान्य रूट पर
निर्माण कार्य के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ रेलवे ने 19 गाड़ियों को राहत देते हुए पूर्व की तरह चलाने का फैसला लिया है। इनमें 5 निरस्त ट्रेनें, 5 मार्ग परिवर्तित ट्रेनें और 2 रेगुलेट ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जैसे-जैसे काम पूरा हो रहा है, वैसे-वैसे ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जनवरी के बाद सभी प्रभावित ट्रेनें अपने पुराने रूट और समय पर चलने लगेंगी।
इन ट्रेनों को मिली हरी झंडी
लालकुआं-बेंगलुरू (05074), रक्सौल-उधना (05559) जैसी ट्रेनें 3 जनवरी तक निरस्त थीं, जिनका संचालन अब बहाल हो गया है। वहीं यशवंतपुर-योगनगरी ऋषिकेश (06598/06597) और हैदराबाद-गोरखपुर (07075) भी दोबारा पटरी पर लौट आई हैं।
इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (22176/02200), जिन्हें 3 जनवरी तक 90 मिनट रेगुलेट किया जा रहा था, अब 4 जनवरी से समय पर चलेंगी। मार्ग परिवर्तन से चल रही कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी अब पहले की तरह झांसी स्टेशन होकर गुजरेंगी।
यात्रियों को जल्द मिलेगी पूरी राहत
रेल प्रशासन के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर-3 का कार्य तय समय में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद झांसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा, जिससे हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।






