यूपी प्रशासनिक फेरबदल: पांच आईएएस व चार पीसीएस अफसरों के तबादले, यीडा को मिला नया एसीईओ

उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए पांच आईएएस और चार पीसीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के तहत कई अहम विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

चित्रकूट में तैनात सीडीओ राजेश कुमार को अब यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) नियुक्त किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज में उप सचिव के पद पर कार्यरत देवी प्रसाद पाल को चित्रकूट का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

सरकार ने प्रेरणा शर्मा को विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही उन्हें एसीईओ, इन्वेस्ट यूपी का दायित्व भी दिया गया है। वर्तमान में एपीसी शाखा में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत टीके शिबु को अपने मौजूदा पद के साथ-साथ उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का विशेष सचिव और खाद्य प्रसंस्करण विभागाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसी क्रम में विशेष सचिव रेशम विभाग देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को निदेशक रेशम का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।

पीसीएस अधिकारियों के तबादलों की बात करें तो संभल में एसडीएम के पद पर तैनात सौरभ कुमार पांडेय को अब एडीएम (न्यायिक) संभल बनाया गया है। अजय कुमार त्रिपाठी को उप निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय से स्थानांतरित कर अपर नगर आयुक्त शाहजहांपुर की जिम्मेदारी दी गई है। पूनम निगम को अपर आयुक्त कानपुर मंडल से उप सचिव लोक सेवा आयोग, प्रयागराज नियुक्त किया गया है, जबकि सुशीला, जो अब तक राजस्व परिषद से संबद्ध थीं, को अपर आयुक्त कानपुर मंडल के पद पर तैनात किया गया है।

प्रदेश सरकार के इस प्रशासनिक बदलाव को कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share.