Spread the love

जलभराव से ग्रामीण परेशान, कीचड़ से होकर निकलने को मजबूर

मोठ/समथर। समथर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत साकिन में जलभराव की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गांव के कई रास्तों पर पानी भर जाने और कीचड़ फैलने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को मजबूरन कीचड़ और गंदे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है।
ग्रामीण द्राकपाल सिंह, कमलेश पाल एवं धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों का आरोप है कि रामपाल के मकान से लालता मास्टर के मकान तक बने नाले की कई वर्षों से सफाई नहीं कराई गई है। नाले में गंदगी और सिल्ट जमा होने के कारण जल निकासी बाधित हो गई है, जिससे जलभराव की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाले की सफाई नहीं कराई गई तो आगामी बरसात में स्थिति और गंभीर हो सकती है। जलभराव के कारण लोगों के घरों में पानी घुसने का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले की सफाई कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बरसात के मौसम में किसी बड़ी समस्या का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट : जहूर अहमद खान, संवाददाता, मोठ

Share.