देश के जाने-माने उद्योगपतियों में शुमार सायरस मिस्त्री का निधन रविवार (चार सितंबर) दोपहर एक सड़क हादसे में हो गया। वह अपनी करीब 68 लाख रुपये की मर्सिडीज जीएलसी 220डी 4मैटिक से अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। मर्सिडीज की जीएलसी 220डी सीरीज की यह कार तमाम सेफ्टी फीचर्स से लैस थी और इसमें सात एयरबैग भी थे। इसके बावजूद सड़क हादसे में सायरस मिस्त्री की जान नहीं बच सकी। ऐसे में हमने ऑटो एक्सपर्ट टूटू धवन से बात की और हादसे की असल वजह समझने के साथ-साथ यह भी जानने की कोशिश की कि सात एयरबैग होने के बाद भी सायरस मिस्त्री को अपनी जिंदगी क्यों गंवानी पड़ी?

मुंबई से करीब 120 किलोमीटर दूर हादसा
जानकारी के मुताबिक, मुंबई से करीब 120 किलोमीटर दूर दोपहर करीब तीन बजे हादसा हुआ। स्त्रीरोग विशेषज्ञ अनाहिता पंडोले कार चला रही थी। उनकी उम्र करीब 55 साल बताई जा रही है। उनके पति डेरियस पंडोले भी साथ थे, उनकी उम्र 60 साल के करीब है। दोनों घायल हुए हैं। डेरियस के भाई जहांगीर पंडोले की मौत हो गई है। उनकी उम्र 54 साल बताई जा रही है।

मिस्त्री और जहांगीर पिछली सीटों पर बैठे थे
पुलिस के मुताबिक, मिस्त्री और जहांगीर पिछली सीटों पर बैठे थे। डेरियस अगली सीट पर थे। गाड़ी अनाहिता चला रही थीं। चश्मदीद ने बताया था कि कार एक महिला चला रही थी। नियंत्रण खोने की वजह से कार सड़क पर डिवाइडर से टकरा गई।

मिस्त्री ने लड़ी लंबी कानूनी जंग
सायरस मिस्त्री के निधन ने टाटा समूह के साथ उनके लंबे समय तक चले कानूनी विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। 2012 में टाटा संस के चेयरमैन बनाए गए मिस्त्री को 24 अक्तूबर 2016 को पद से अचानक हटा दिया गया था। उसके बाद से वह कई वर्षों तक टाटा समूह के मुखिया रतन टाटा और इसके प्रबंध ट्रस्टी एन वेंकटरामन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लंबी कानूनी लड़ाई में उलझे रहे। इसके बाद से चली कानूनी लड़ाई का अंत 2021 में हुआ था।

मिस्त्री से जुड़ा एक वाकया यह भी
2012 में मिस्त्री टाटा संस के चेयरमैन बनाए गए। उस वक्त वे सिर्फ 44 साल के थे। इस वक्त तक वे शापूरजी पलोनजी ग्रुप की कंपनियों की अगुवाई कर रहे थे। चर्चा यह भी थी कि टाटा संस की बागडोर संभालने के लिए मिस्त्री तैयार नहीं थे। खुद रतन टाटा ने उन्हें मनाया था।

दोपहर में हुआ हादसा

स्थानीय पुलिस अधिकारी के अनुसार, साइरस मिस्त्री की मर्सिडीज कार उस वक्त डिवाइडर से टकरा गई, जब वो अहमदाबाद से मुंबई की तरफ जा रहे थे. हादसा चरोटी के पास सूर्या नदी पर बने पुल पर दोपहर करीब 3.15 के बजे हुआ.

Share.