पुलिस लाइन उरई का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उरई, जालौन। अपर पुलिस महानिदेशक महोदया, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा पुलिस लाइन उरई का भ्रमण एवं वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
अपर पुलिस महानिदेशक महोदया ने यूपी-112, कंट्रोल रूम, परिवहन शाखा, शस्त्रागार, पुलिस भोजनालय, बैरक एवं पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा पुलिस कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता, पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, वाहनों एवं अन्य संसाधनों की स्थिति पर भी ध्यान दिया गया। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा पुलिस कर्मियों की आवश्यकताओं और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
वार्षिक निरीक्षण/भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, झांसी, पुलिस अधीक्षक जालौन, अपर पुलिस अधीक्षक जालौन, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण को पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण एवं पुलिस कर्मियों के अनुकूल बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






