उमरी-नवार मुख्य मार्ग पर अचानक हुआ बड़ा गड्ढा, हादसे का खतरा बढ़ा
■ सुरक्षा व्यवस्था न होने से राहगीरों में चिंता, ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की मांग की
जालौन। माधौगढ़ तहसील क्षेत्र के उमरी गांव से नवार जाने वाले मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे अचानक सड़क का एक हिस्सा धंसने से बड़ा गड्ढा हो गया। देखते ही देखते गड्ढे का आकार बढ़ता जा रहा है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के बीच हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के बीचों-बीच बने इस गड्ढे के कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। खासकर तेज रफ्तार से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान दुर्घटना का कारण बन सकता है। रात के समय पर्याप्त रोशनी और गड्ढे के आसपास किसी प्रकार की चेतावनी व्यवस्था नहीं होने से खतरा और भी बढ़ सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर अचानक बने गड्ढे को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। लोगों की मांग है कि जब तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होती, तब तक मौके पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक या अन्य सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कराकर गड्ढे के कारणों की जांच कराने तथा जल्द से जल्द इसकी मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलने की स्थिति बन सकती है।
अब देखना यह है कि सड़क पर बने इस बड़े गड्ढे को लेकर संबंधित विभाग कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और राहगीरों की सुरक्षा के लिए मौके पर आवश्यक इंतजाम कब तक किए जाते हैं।
रिपोर्ट — महेश चौधरी, जालौन





