नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद गोपीकृष्ण पांडेय ने पीताम्बरा माई मंदिर में किए दर्शन, श्रीमद्भागवत कथा का किया श्रवण
■ आचार्य याज्ञवल्क्य शास्त्री ने अतिथियों का किया सम्मान, सांसद ने युवाओं और महिलाओं से मतदाता पंजीकरण कराने की अपील की
बिठूर, कानपुर। बिठूर स्थित माँ पीताम्बरा माई मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद गोपीकृष्ण पांडेय ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया और माँ पीताम्बरा माई के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कथा व्यास आचार्य याज्ञवल्क्य शास्त्री जी से भी आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी संजय द्विवेदी, जनपद जालौन से गौसेवक दिलीप भुडौलिया जी, आचार्य ऋषिकांत मिश्रा जी तथा गौसेवक विनोद कुमार मिश्रा जी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विनोद कुमार मिश्रा जी का बिठूर स्थित पीताम्बरा माई मंदिर में पहली श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन से भी विशेष जुड़ाव रहा है।
इस अवसर पर आचार्य याज्ञवल्क्य शास्त्री जी ने उपस्थित अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। सम्मान समारोह के दौरान सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कथा आयोजन से जुड़े लोगों ने उनके आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
माँ पीताम्बरा माई के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए राज्यसभा सांसद गोपीकृष्ण पांडेय ने कहा कि वे पहले भी दतिया स्थित पीताम्बरा माई मंदिर जाया करते थे। उन्होंने अपनी आस्था का अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब भी वे माँ के दरबार में अपनी मनोकामना लेकर जाते थे, तो उन्हें माँ की कृपा से अपने कार्य सहज रूप से पूरे होने का विश्वास और अनुभव मिलता था। बिठूर में माँ पीताम्बरा माई के दर्शन कर उन्होंने आध्यात्मिक अनुभूति व्यक्त की और आचार्य याज्ञवल्क्य शास्त्री जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
युवाओं, बहुओं और बेटियों से मतदाता पंजीकरण की अपील
सांसद गोपीकृष्ण पांडेय ने अपने संबोधन में लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि जिनका अभी तक मतदाता पहचान पत्र नहीं बना है, वे अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। साथ ही उन्होंने बहुओं और बेटियों से भी आग्रह किया कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वे भी अपना नाम जुड़वाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
ब्राह्मणों के सम्मान और परंपरा पर भी हुई चर्चा
कथा प्रसंग के दौरान आचार्य धर्मेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी से संवाद करते हुए सांसद गोपीकृष्ण पांडेय ने ब्राह्मणों के सम्मान और भारतीय धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाज में ब्राह्मणों का सम्मान होना चाहिए। उनका मानना है कि जब समाज अपनी परंपराओं, संस्कारों और विद्वानों का आदर करता है, तो समाज का भी उत्थान होता है।
बिठूर की पावन धरती पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गौसेवकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। कथा के माध्यम से भक्ति, संस्कार, सामाजिक दायित्व और भारतीय परंपराओं का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा रहा है।
जन वर्ता पर फोकस न्यूज़ 24×7





