मुसहर समुदाय के 137 पात्र व्यक्तियों को मिला आवासीय भूमि का पट्टा
देवरिया जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में तहसील देवरिया सदर स्थित ग्राम पंचायत उदयपुरा, ब्लॉक पथरदेवा निवासी मुसहर समुदाय के 137 पात्र व्यक्तियों का आवासीय भूमि पट्टा का वितरण किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली से पहले मुसहर समुदाय के 137 पात्र व्यक्तियों को आवासीय पट्टा प्रदान किया गया है। इससे उनके जीवन में खुशियों भरी नयी रोशनी आएगी। पहले स्वयं की भूमि नहीं होने की वजह से लोग पीएम आवास योजना का लाभ नहीं ले पा रहे थे, आवासीय भूमि का पट्टा मिलने के बाद अपने घर का सपना पूरा हो सकेगा।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य सरकार की नीतियों की वजह से विकास की दौड़ में पीछे छूटे लोगों को मुख्यधारा में जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी ने कहा कि पट्टा वितरण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे लोगों के जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार आएगा।
कार्यक्रम का संचालन तहसीलदार सदर कृष्ण कुमार मिश्र ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत उदयपुरा की प्रधान पूजा मिश्रा, नायब तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।





