जालौन मंडी में डीएम का औचक निरीक्षण, गेहूं खरीद व्यवस्था पर कड़ी नजर
जालौन। जनपद में गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जालौन मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंडी में संचालित सभी 8 खरीद केंद्रों पर बारदाना, तौल व्यवस्था और खरीद प्रक्रिया की स्थिति देखी। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और तत्काल समाधान के निर्देश दिए। किसानों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, जिस पर डीएम ने अधिकारियों को व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जनपद में कुल 64 खरीद केंद्र संचालित हैं, जहां पर्याप्त बारदाना उपलब्ध है और खरीद कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकारी केंद्रों पर ही गेहूं बेचें, जहां 2585 रुपये प्रति कुंतल समर्थन मूल्य दिया जा रहा है, और बिचौलियों से दूर रहें।
निरीक्षण के दौरान एक किसान की ट्रॉली की अनलोडिंग प्रक्रिया भी देखी गई। डीएम ने कहा कि खसरा अभिलेखों की पूर्व त्रुटियां सुधार दी गई हैं, जिससे अब किसान आसानी से अपनी उपज बेच सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल, मंडी सचिव अंकित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





