Spread the love

रसोइया चयन/नवीनीकरण 2025-26 की प्रक्रिया शुरू, 23 अप्रैल तक करें आवेदन: बीएसए अनिल कुमार सिंह

देवरिया, 13 अप्रैल। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जनपद देवरिया में मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों में रसोइयों के चयन एवं नवीनीकरण सत्र 2025-26 हेतु प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में विज्ञप्ति जारी करते हुए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
बीएसए अनिल कुमार सिंह ने बताया कि रसोइयों का चयन एवं नवीनीकरण शासनादेशों में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा। विद्यालयों में नामांकित छात्र संख्या के आधार पर रसोइयों की संख्या का पुनर्निर्धारण किया जाएगा तथा रिक्त पदों पर नए चयन और पात्र रसोइयों का नवीनीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी, जिनके पाल्य संबंधित विद्यालय में अध्ययनरत हैं, वे अपना आवेदन संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्रधानाचार्य के पास 23 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करें। आवेदन की प्राप्ति पर रसीद भी उपलब्ध कराई जाएगी। विशेष परिस्थितियों में अभ्यर्थी अपना आवेदन खंड शिक्षा अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अथवा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी जमा कर सकते हैं।
बीएसए ने आगे बताया कि प्राप्त आवेदनों को निर्धारित समयसीमा में संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा, जिसके उपरांत ग्राम पंचायत/वार्ड स्तरीय समिति द्वारा 30 अप्रैल 2026 तक चयन/नवीनीकरण की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अभ्यर्थी को चयन प्रक्रिया से कोई आपत्ति हो तो वह खंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है, जिसका निस्तारण एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
अंत में बीएसए अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाएगी तथा सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share.