Spread the love

हादसों को दावत देती सड़कें, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग

मोठ/समथर। समथर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत साकिन में हर घर जल योजना के तहत गांव में पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। पाइप लाइन बिछाने के लिए गांव की सड़कों की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है।

खुदाई के कारण गांव की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और उनमें पानी भर जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मोटरसाइकिल सवारों के लिए सड़क पर निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है, क्योंकि कीचड़ और फिसलन के चलते हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़कें आए दिन हादसों को दावत दे रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

मोठ से संवाददाता जहूर अहमद ख़ान की रिपोर्ट

Share.