जालौन यातायात पुलिस का रात्रिकालीन अभियान,
■ टोल प्लाजा पर चलाया विशेष चेकिंग व जागरूकता अभियान
उरई/जालौन। जनपद में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस जालौन द्वारा रात्रिकालीन विशेष अभियान चलाया गया।
रिपोर्ट – ओमप्रकाश उदैनियां, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, आल इंडिया पत्रकार एकता संघ उरई जालौन।
यातायात प्रभारी वीरबहादुर सिंह ने अपनी टीम के साथ टोल प्लाजा पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर (Breath Analyzer) मशीन से जांच की गई। जांच में जो चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, उन्हें तत्काल वाहन सहित साइड में खड़ा कराया गया तथा उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए जागरूक किया। पुलिस ने अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा लंबी दूरी तय करते समय बीच-बीच में विश्राम अवश्य करें।
यातायात पुलिस ने यह भी कहा कि यदि वाहन चालक को नींद या थकान महसूस हो तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर आराम करने के बाद ही आगे यात्रा करें। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।
अभियान के अंत में यातायात पुलिस द्वारा आमजन से सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।





