उरई मेडिकल कॉलेज बवाल: डॉक्टर आराध्य समेत 30-40 चिकित्सकों पर एफआईआर, जांच शुरू
उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन में मरीज को लेकर हुए विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर उरई कोतवाली पुलिस ने डॉक्टर आराध्य नगाइच समेत 30 से 40 अज्ञात जूनियर और सीनियर डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर और शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
परिजनों के अनुसार ब्रजकिशोर गुप्ता अपनी बेटी स्मृति गुप्ता का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। आरोप है कि इमरजेंसी में पर्चा बनाने में देरी होने पर उन्होंने आपत्ति जताई, जिससे ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आराध्य नगाइच और तीमारदारों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने ब्रजकिशोर को धक्का दे दिया, जिससे वह गिर पड़े।
बेटे के विरोध के बाद बढ़ा विवाद
पीड़ित परिवार का कहना है कि जब ब्रजकिशोर के बेटे गोपाल ने विरोध किया तो मामला और भड़क गया। आरोप है कि वहां मौजूद अन्य डॉक्टर भी मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। परिवार का दावा है कि 30 से 40 डॉक्टरों ने कुर्सियों और डंडों से हमला किया, जिसमें गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने चिकित्सकों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन भी हुए और कार्रवाई की मांग तेज हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





