संपूर्ण थाना दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 22 शिकायतों में 4 का मौके पर निस्तारण
■ आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल से शिकायत करने की दी सलाह
जालौन। शनिवार को कोतवाली जालौन में आयोजित संपूर्ण थाना दिवस उपजिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। थाना दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
इस दौरान कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 12 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित टीमों को मौके पर रवाना किया गया।
थाना दिवस में कुछ शिकायतें ऐसी भी रहीं जो पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित नहीं थीं। इन शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेज दिया गया। इनमें विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।
उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही ने लोगों को आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिकायतों की निगरानी सीधे उच्च अधिकारियों द्वारा की जाती है, जिससे निस्तारण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऑनलाइन शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होता है, तो शिकायतकर्ता उसकी प्रति लेकर प्रशासन के पास आएं, ताकि संबंधित विभाग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
🎙️ रिपोर्ट: महेश चौधरी,
📍 जालौन
📺 Focus News 24×7



