कराया पति-पत्नी विवाद का 34वां समझौता, दंपति को कराया घर विदा
रिपोर्ट: ओमप्रकाश उदैनियां
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ
कानपुर। थाना काकादेव स्थित परिवार परामर्श केंद्र ने एक और पारिवारिक विवाद को सुलझाते हुए पति-पत्नी के बीच समझौता करा दिया। केंद्र द्वारा कराया गया यह 34वां सफल समझौता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती मुस्कान सिंह, पुत्री चन्द्रशेखर एवं पत्नी आलोक सिंह, निवासी शास्त्रीनगर, शुक्लागंज (उन्नाव) ने डीसीपी सेंट्रल कानपुर नगर को एक प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनके पति आलोक सिंह पुत्र वीरेन्द्र सिंह तथा परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ मारपीट करते हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को थाना काकादेव स्थित परिवार परामर्श केंद्र में बुलाया गया। यहां अतिरिक्त निरीक्षक उदयवीर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं परामर्श केंद्र प्रभारी शिवकरन वर्मा, उपनिरीक्षक संजीव द्विवेदी, उपनिरीक्षक श्रीमती अनीता सिंह, काउंसलर श्रीमती शगुन खट्टर, श्रीमती कंचन सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की काउंसलर श्रीमती नित्या चावला की उपस्थिति में दोनों पक्षों की बात सुनी गई।
परिवार परामर्श समिति के सदस्यों ने दोनों पक्षों को आपसी संवाद, समझदारी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए समझाने का प्रयास किया। समिति के तर्कसंगत एवं सकारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति बन गई और दोनों साथ रहने के लिए राजी हो गए।
समझौते के बाद दंपति को खुशी-खुशी घर विदा किया गया। परामर्श केंद्र प्रभारी शिवकरन वर्मा ने बताया कि केंद्र द्वारा अब तक पति-पत्नी विवादों में 34 सफल समझौते कराए जा चुके हैं, जिससे कई परिवार टूटने से बच गए हैं।




