मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में भीषण आग, ICU में 10 मरीजों की मौत, 25 से अधिक झुलसे
रिपोर्ट | अख्तर अली मुजफ्फरपुर, बिहार
बिहार के मुजफ्फरपुर शहर से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ब्रह्मपुरा स्थित प्रसिद्ध प्रसाद हॉस्पिटल में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग अस्पताल के ICU वार्ड में लगी, जिसकी चपेट में आने से 10 मरीजों की मौत होने की सूचना है, जबकि 25 से अधिक मरीज गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3 बजे अस्पताल के पांचवें फ्लोर पर स्थित ICU में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरा वार्ड घने धुएं और आग की लपटों से भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों के अनुसार अस्पताल परिसर में चीख-पुकार का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने ICU और अन्य वार्डों की खिड़कियां तथा दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे मरीजों को बाहर निकाला। करीब 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित रेस्क्यू कर शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। आग पर लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
फिलहाल घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान करने तथा हादसे से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे मुजफ्फरपुर और बिहार को झकझोर कर रख दिया है।





