: विवाहिता ने फंदे से लटककर आत्महत्या की पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा, जांच जारी
प्रतापपुर देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली जमन टोला घोठा गांव में एक विवाहिता ने अपने बेडरूम में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 9 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे हुई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय अल्का उर्फ गुलशन के रूप में हुई है, जो अलाउद्दीन अंसारी की पत्नी थीं।
परिवार के सदस्यों ने इसकी सूचना श्रीरामपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंदर से बंद बेडरूम का दरवाजा तोड़ा और शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
अल्का उर्फ गुलशन की शादी 12 अप्रैल 2023 को हुई थी। उनके पति अलाउद्दीन अंसारी पिछले चार महीने से बाहर हैं। गर्मी के कारण परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर पेड़ के नीचे बैठे थे। मृतका की दो छोटी बेटियां हैं, अनन्या (दो वर्ष) और आया (डेढ़ वर्ष)।
घटना के समय दोनों बेटियां बाहर खेल रही थीं। बड़ी बेटी अनन्या ने अपनी मां के कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने दादी और घर के अन्य सदस्यों को बताया। परिवार वालों ने खिड़की से अंदर देखा तो अल्का को फंदे से लटका पाया, जिससे वे दंग रह गए।
मृतका का मायका बिहार के सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के ग्राम विश्वनीया में है। इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि एक विवाहिता फंदे से लटकी हुई मृत मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





