12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ जालौन
■ अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
जालौन। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद जालौन में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का अनूठा माहौल देखने को मिला। “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” थीम के तहत मेला ग्राउंड जालौन सहित विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मेला ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने भाग लेकर योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही ने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और निरोग जीवन के लिए योग सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से योग के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण रहा और लोगों ने स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया।
रिपोर्ट: फोकस न्यूज़ 24×7 से महेश चौधरी, जालौन






