Spread the love

दुर्गापूजा पंडालों में बिजली सुरक्षा पर सख्ती, अवैध कनेक्शन मिला तो होगी कार्रवाई

■ नगर में विद्युत विभाग ने जारी की गाइडलाइन, विसर्जन जुलूस में 13 फीट से ऊंचे वाहनों और छत पर बैठने पर रोक

दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विद्युत आपूर्ति अंचल मेदिनीनगर ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पूजा पंडालों में बिजली की सजावट और रोशनी के बीच किसी भी तरह की लापरवाही हादसे का कारण न बने, इसके लिए समितियों को वैध अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना अनिवार्य किया गया है। बिना अनुमति बिजली का उपयोग करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बिजली की सजावट में लापरवाही पड़ सकती है भारी

विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक पूजा पंडाल में स्वीकृत क्षमता के अनुरूप ही बिजली का उपयोग किया जाए। शॉर्ट सर्किट और ओवरलोडिंग से बचाव के लिए एमसीबी, आइसोलेटर और मेन स्विच जैसे सुरक्षा उपकरण लगाना जरूरी होगा। पंडालों की वायरिंग प्रशिक्षित एवं लाइसेंसधारी बिजली मिस्त्री से ही कराई जाए। पुराने, कटे-फटे और जर्जर तारों के इस्तेमाल से बचने की हिदायत दी गई है।

पंडालों का निर्माण बिजली की लाइनों से सुरक्षित दूरी पर करने तथा मीटर, कंट्रोल पैनल और अन्य विद्युत उपकरणों को आम लोगों की पहुंच से दूर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कंट्रोल पैनल के पास प्रशिक्षित विद्युतकर्मी की निगरानी भी सुनिश्चित करनी होगी।

आग से बचाव के लिए भी पुख्ता इंतजाम जरूरी

पूजा पंडालों में आग लगने की आशंका को देखते हुए बिजली उपकरणों के आसपास अग्निशमन यंत्र और बालू से भरी बाल्टियां रखने की सलाह दी गई है। ज्वलनशील सजावटी सामग्री के पास बिजली के तार नहीं ले जाने तथा रोशनी के लिए अच्छी गुणवत्ता वाली एलईडी लाइट और तारों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया है।

विसर्जन जुलूस में ऊंचाई को लेकर विशेष सतर्कता

विभाग ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान भी सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। बसों और बड़े वाहनों की छत पर बैठकर यात्रा करने पर रोक रहेगी। साथ ही झांकी, डीजे सेट या अन्य ऊंची सामग्री के कारण वाहन की कुल ऊंचाई जमीन से चार मीटर यानी लगभग 13 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई होने पर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने का खतरा बढ़ सकता है।

श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील

विद्युत विभाग ने आम लोगों से बिजली के खंभों, तारों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों को नहीं छूने की अपील की है। किसी भी स्थिति में डंडे या लोहे की रॉड से बिजली के तारों को छूने का प्रयास न करें।

विभाग का संदेश साफ है कि दुर्गापूजा का उत्सव सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए पूजा समितियां बिजली सुरक्षा के नियमों का पालन करें और श्रद्धालु भी सतर्कता बरतें। थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को रोक सकती है।

Share.